कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, शिवभक्तों की सेवा में जुटा प्रेस क्लब

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसपी देहात ने फीता काटकर किया उद्घाटन, कांवड़ियों को वितरित किया प्रसाद
अनिल कश्यप
रुड़की। प्रेस क्लब रुड़की समिति की ओर से शनिवार को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट एवं एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने फीता काटकर किया। इससे पूर्व दोनों अधिकारियों ने प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा, महासचिव अश्विनी उपाध्याय सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उद्घाटन के पश्चात शिवभक्त कांवड़ यात्रियों को हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और भाईचारे का भी प्रतीक है। कांवड़ मार्ग पर लगाए जाने वाले सेवा शिविर श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सेवा कार्यों में जुटी सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग की सराहना की।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने शिविर संचालकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने प्रेस क्लब रुड़की समिति की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाजहित में किए जाने वाले ऐसे प्रयास दूसरों को भी सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से समाज की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के बीच उतरकर मानवता की सेवा करना भी पत्रकारों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि कांवड़ सेवा शिविर के माध्यम से शिवभक्तों को भोजन, पेयजल, प्राथमिक उपचार सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “शिवभक्तों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रेस क्लब का प्रत्येक सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा रहेगा।”
प्रेस क्लब महासचिव अश्विनी उपाध्याय ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, सहयोगियों एवं समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर टीना शर्मा, भंडारा संचालन समिति के अध्यक्ष सुभाष सक्सेना, उपाध्यक्ष रियाज कुरैशी, सचिव नितिन कुमार, कोषाध्यक्ष विनीत त्यागी, निदेशक दीपक अरोड़ा, अंकित त्यागी, दीपक शर्मा, योगराज पाल, संदीप पोहिवाल, तोशी भाई, अनुप सैनी, अभिषेक शर्मा, गौरव वत्स, सुनील पटेल, शुभम, अरुण कुमार, मिक्की जैदी, अनिल सैनी, बबलू सैनी, महेश्वर सिंह, अमित सैनी,अनिल कश्यप,आसिफ खान सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।