वन महोत्सव का शुभारंभ: जिला न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने किया पौधरोपण,

रूडकी /हरिद्वार। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘वन महोत्सव’ अभियान के तहत शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के रोशनाबाद परिसर में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त ने पौधा रोपकर किया।
यह अभियान माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार 1 जुलाई से संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधों की देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत, हरिद्वार की माननीय अध्यक्ष नीतू जोशी (न्यायाधीश) ने भी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव सिमरनजीत कौर ने जिला कारागार, हरिद्वार में पौधरोपण कर इस महाअभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एल.ए.डी.सी. अधिवक्तागण, समस्त स्टाफ एवं लॉ इंटर्न्स उपस्थित रहे।

इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने जिला स्वास्थ्य विभाग एवं जिला औषधि निरीक्षक की टीम के साथ कनखल क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता, अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुछ मेडिकल स्टोरों पर अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वन महोत्सव और औचक निरीक्षण की इस संयुक्त पहल के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक ओर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तो दूसरी ओर जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया।