लक्सर में अवैध ब्लड डोनेशन कैंप का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

27 यूनिट रक्त, ब्लड कलेक्शन उपकरण और दो वाहन बरामद — गांव-देहात में कैंप लगाकर रक्त एकत्र करने का आरोप

लक्सर, संवाददाता। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित रूप से अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का लक्सर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रक्त एकत्र करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण, चार डोनर चेयर सहित दो वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त 2026 को लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना आवश्यक अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे हैं। सूचना यह भी थी कि एकत्रित रक्त को निर्धारित ब्लड बैंक तक पहुंचाने के बजाय अन्य राज्यों में कथित रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
सूचना पर चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।
पुलिस के मुताबिक स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257 की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इसके अलावा रक्त की जांच, माप और संग्रह से संबंधित उपकरण भी मिले।
वहीं स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085 की तलाशी में चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद की गईं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांव-देहात में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर बिना आवश्यक अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रहे थे। मामले में रक्त के स्रोत, कैंप के संचालन तथा रक्त की कथित बिक्री से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस मामले में कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0 829/2026, धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं 316(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनित सैनी निवासी फतवा, लक्सर; शुभम कुमार निवासी माड़ा बेला, खानपुर; दुष्यन्त कुमार निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, बिजनौर; कावेन्द्र कुमार निवासी हरतला, मुरादाबाद तथा दया सिंह निवासी ईसमपुर ढाणा, सम्भल के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, बीपी मशीन, एचबी मशीन, ब्लड ग्रुप जांच सामग्री, डोनर फॉर्म बुक, 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा, चार बेल्ट, वेट मशीन, चार ब्लड डोनर चेयर, ब्लड यूनिट मापने वाली मशीन तथा दोनों वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।