थीथकी गांव पहुंचे किसान आयोग के उपाध्यक्ष, मत्स्य पालन की ली जानकारी
रुड़की। उत्तराखंड किसान आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री) चौधरी अजीत सिंह बुधवार को मत्स्य पालन के ग्रोथ सेंटर थीथकी कवायदपुर गांव में मत्स्य तालाब पर पहुंचे। जहां मत्स्य फाउंडेशन के अध्यक्ष नेपाल सिंह कश्यप द्वारा उनका शाॅल ओढ़ा कर तथा मत्स्य जीबी सहकारी समिति अध्यक्ष पप्पू कश्यप द्वारा माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। किसान आयोग उपाध्यक्ष अजीत चौधरी ने मत्स्य पालन की जानकारी प्राप्त की और मत्स्य फाउंडेशन के अध्यक्ष नेपाल सिंह कश्यप ने उन्हें विस्तार से मत्स्य पालन और ग्रोथ सेंटर की जानकारी दी। इस दौरान मत्स्य विभाग की ओर से निरीक्षक प्रियंका रासो ने मत्स्य विभाग उत्तराखंड एवं केंद्र सरकार की और से चल रही मत्स्य पालन से संबंधित जानकारी दी। नेपाल सिंह कश्यप ने किसान आयोग उपाध्यक्ष को मत्स्य पालन से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराई। साथ ही सरकार की नीतियों के बारे में बताया। कहा कि पूर्व में मत्स्यपालन को कमर्शियल दर्ज से विद्युत एवं अन्य सामग्री उपलब्ध होती थी जो राज्य सरकार के आर्थिक प्रयास से पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्य में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना चलाई और मत्स्य पालकों को विद्युत उपलब्ध कराने की घोषणा को पूर्ण किया। इसके साथ किसान आयोग उपाध्यक्ष को इनक्यूबेटर (अंडे से बच्चा निकालने वाली मशीन) को दिखाते हुए जानकारी दी। नगला ऐमाद समिति के अध्यक्ष बालेन्द्र कश्यप ने तालाबों पर बढ़ते अतिक्रमण के बारे में उपाध्यक्ष को अवगत कराया और उनसे मांग की कि ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे तालाबों का स्वरूप बचा रहे। निरीक्षण के दौरान पनियाला मंडल के अध्यक्ष आशीष कुमार ने भी किसान आयोग उपाध्यक्ष का माला पहनकर स्वागत किया। इस अवसर पर सागर, आदित्य, प्रमोद कुमार, नरेंद्र कुमार, अजय कश्यप, अमित कश्यप, सतपाल, अंकुश, सोहेब, जसविंदर, पंकज कुमार, चंद्रपाल आदि उपस्थित रहे।