परिवहन विभाग पर गंभीर आरोप, “ग्रीन कार्ड के नाम पर हो रही खुली लूट” – कुक्का सिंह राजपूत

अनिल कश्यप
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन (कुक्का क्रांति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुक्का सिंह राजपूत ने परिवहन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राजधानी में बैठे अधिकारियों के इशारे पर निचले स्तर के कर्मचारी खुलेआम वसूली कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से “ग्रीन कार्ड” के नाम पर धड़ल्ले से की जा रही वसूली को लेकर नाराजगी जताई।
प्रेस क्लब रुड़की में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कुक्का सिंह राजपूत ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे हाल ही में परिवहन आयुक्त से भी मिले थे। उन्होंने दावा किया कि चारधाम यात्रा के दौरान वाहन फिटनेस को लेकर सख्ती नहीं होती, बल्कि केवल वाहन की स्थिति और चालक के कागजात की जांच की जाती है।
इसके बावजूद, नारसन बॉर्डर पर गाइडलाइन के विपरीत जाकर फिटनेस के नाम पर तकनीकी अधिकारियों द्वारा जमकर वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटी-बड़ी निजी और कमर्शियल गाड़ियों से तय रकम के हिसाब से पैसे वसूले जाते हैं, जो यात्रियों और वाहन मालिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
कुक्का सिंह राजपूत ने चेतावनी दी कि यदि इस “लूट व्यवस्था” पर जल्द रोक नहीं लगाई गई, तो भारतीय किसान यूनियन नारसन बॉर्डर, ऋषिकेश और रोशनाबाद में धरना-प्रदर्शन करेगी और जिम्मेदार अधिकारियों को बेनकाब किया जाएगा।
उन्होंने परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
इस प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष कुक्का सिंह राजपूत के साथ राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्षा रजनी, राष्ट्रीय संयोजक सुनील पंवार सांसिया और राष्ट्रीय वित्तीय सलाहकार प्रवीण धीमान भी उपस्थित रहे।