गैस की कालाबाजारी पर सख्ती: 10 घरेलू सिलेंडर जब्त, आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार।शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला पूर्ति विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को रावली महदूद क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए 10 घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही मौके से एक वाहन भी जब्त कर उसे थाना सिडकुल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की घटतौली, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए इस तरह की छापेमारी आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में पूर्ति निरीक्षक प्रकाश फर्त्याल, अरुण सैनी और थाना सिडकुल पुलिस की टीम मौजूद रही।