oplus_2
आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में रेड क्रॉस कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दिलाई गई जागरूकता की शपथ

रुड़की। बृहस्पतिवार क़ो रुड़की स्थित आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में रेड क्रॉस के तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं ने भाग लिया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए महत्वपूर्ण शपथ ली।

इस दौरान छात्राओं को नशे से दूर रहने, अपने आस-पास नशा करने वालों को समझाने, गलत संगत से बचने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में सामाजिक और कानूनी जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की टीम भी उपस्थित रही। अशोक कश्यप, राखी संजवाल, कोमल, किरण सिंह, सरिता नोडियाल, सहजान, बालेन्द्र कुमार और अनिल कुमार कश्यप ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या अन्याय की स्थिति में वे किस प्रकार कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

वहीं पुलिस विभाग की ओर से हेड कांस्टेबल बबिता और कांस्टेबल मीनू गुर्जर ने छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी, जिससे छात्राएं स्वयं को सुरक्षित रख सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य अपर्णा जिंदल ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन, शिक्षा और जागरूकता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने अधिकारों को जानें और समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करें।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अनुभव गर्ग, प्रीति गुप्ता, कृष्ण गोपाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उत्साह और जागरूकता के संदेश के साथ हुआ, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।