रॉयल पब्लिक स्कूल पथरी भाग-3 में बच्चों को दी गई निशुल्क विधिक एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी

रिपोर्ट – अनिल कश्यप
——————————–
हरिद्वार। बुधवार क़ो हरिद्वार जनपद के पथरी क्षेत्र स्थित रॉयल पब्लिक स्कूल पथरी भाग-3 में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार से अधिकार मित्र अशोक कुमार कश्यप ने छात्र-छात्राओं को निशुल्क विधिक जानकारी प्रदान करते हुए उनके अधिकारों एवं सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान अशोक कुमार कश्यप ने बच्चों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए बच्चों और अभिभावकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई हो सके।
इसके अलावा बच्चों को अपहरण जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय भी बताए गए। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी अनजान व्यक्ति के साथ नहीं जाना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, अध्यापकों या पुलिस को देनी चाहिए। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई तथा बताया गया कि किसी भी बच्चे के साथ उत्पीड़न, बाल श्रम, हिंसा या संकट की स्थिति में इस हेल्पलाइन पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अधिकार मित्र अशोक कुमार कश्यप ने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ कानून और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वही विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेद सिंह, अध्यापक रविंदर, पूजा, लता देवी एवं मीना देवी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बच्चों को जागरूक रहने और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा, बाल संरक्षण और कानूनी सहायता से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका अधिकार मित्र अशोक कुमार कश्यप ने विस्तार से उत्तर दिया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।