oplus_0
बरसात से पहले ग्राम पंचायत में स्वच्छता अभियान तेज
नालों-नालियों की सफाई से संवर रहा टोड़ा कल्याणपुर मुस्तकम

अनिल कश्यप
रुड़की। आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए विकासखंड रुड़की के अंतर्गत आने वाले ग्राम टोड़ा कल्याणपुर मुस्तकम में ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान चलाया जा रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समशाद अली के नेतृत्व में गांव के विभिन्न हिस्सों में नालों, नालियों तथा ग्राम पंचायत की सार्वजनिक भूमि की साफ-सफाई के साथ साथ नालो, नालियों का निर्माण भी कराया जा रहा है , ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल सके।

ग्राम पंचायत द्वारा संचालित इस अभियान के तहत मुख्य मार्गों के किनारे बने नालों की सफाई, बंद पड़ी नालियों को खुलवाने, झाड़ियों की कटाई तथा सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों की टीम लगातार गांव के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर सफाई कार्य में जुटी हुई है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समशाद अली ने बताया कि बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ-साथ डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए समय रहते पूरे गांव में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है और ग्राम पंचायत का प्रयास है कि प्रत्येक गली और मोहल्ला साफ-सुथरा एवं सुरक्षित रहे।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने ग्रामीणों से की अपील
उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे घरों का कूड़ा नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें तथा गांव को स्वच्छ बनाए रखने में पंचायत का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है।
ग्राम पंचायत के इस प्रयास की ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात से पहले नालों और नालियों की सफाई कराना एक सराहनीय पहल है, जिससे जल निकासी सुचारु रहेगी और गांव में गंदगी फैलने की संभावना कम होगी। ग्रामीणों ने कहा कि समय पर कराए जा रहे इन कार्यों से गांव का सौंदर्य भी बढ़ रहा है और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल रहा है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समशाद अली की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पंचायत द्वारा जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास और स्वच्छता के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। उनका मानना है कि यदि इसी प्रकार नियमित रूप से साफ-सफाई होती रही तो गांव स्वच्छ, सुंदर और बीमारियों से मुक्त रहने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।