Oplus_131072
-अंधेरे से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को सैंपा ज्ञापन

हरिद्वार।रुड़की के भारापुर भोरी क्षेत्र में रास्ते पर अंधेरा होने से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि जिस रास्ते से वे रोजाना काम पर जाती और लौटती हैं, वहां लंबे समय से स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। खासकर रात के समय रास्ते में घना अंधेरा होने के कारण उन्हें असुरक्षा महसूस होती है और असामाजिक तत्वों का डर बना रहता है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने बताया कि कुछ समय पहले क्षेत्र की महिलाओं ने उनसे शिकायत की थी कि वे कंपनी में काम करती हैं और देर रात घर लौटते समय इस रास्ते पर अंधेरा होने से काफी परेशानी होती है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उनके नेतृत्व में महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल सांसद से मिला और ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने समस्या का संज्ञान लेते हुए जल्द ही रास्ते पर 10 स्ट्रीट लाइटें और सीसीटीवी कैमरे लगाने का आश्वासन दिया, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द ही संबंधित विभाग को निर्देश देकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।