चंडीगढ़ नेशनल जूनियर डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप में रुड़की के दक्ष का शानदार प्रदर्शन, दो रजत पदक जीते
अनिल कश्यप
रुड़की/चंडीगढ़। चंडीगढ़ में आयोजित अंडर-18 नेशनल डेफ जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में रुड़की के प्रतिभाशाली खिलाड़ी दक्ष सिंह दातल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।
डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में सिल्वर दक्ष सिंह दातल ने प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों में दमदार खेल दिखाते हुए मेंस डबल्स और मिक्स्ड डबल्स दोनों श्रेणियों में सिल्वर मेडल हासिल किए। उनकी इस सफलता का श्रेय उनके निरंतर अभ्यास, मेहनत और कोच गोविंद यादव के मार्गदर्शन को दिया जा रहा है।
अकादमी में भव्य स्वागत दक्ष की इस उपलब्धि के बाद आदर्श नगर स्थित संत स्पोर्ट्स अकादमी में उनका भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अकादमी के डायरेक्टर देवेंद्र सिंह वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल जगत से मिली बधाइयां दक्ष की इस उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी राधेश्याम गोयल सहित कई खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि दक्ष की सफलता अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
*कोच ने जताई खुशी*
कोच गोविंद यादव ने कहा कि दक्ष का अनुशासन, समर्पण और मेहनत ही उसकी सफलता का मुख्य कारण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में वह और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा।
युवाओं में बढ़ा उत्साह दक्ष की जीत से अकादमी के अन्य खिलाड़ियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी युवा खिलाड़ियों ने अपने सीनियर की इस सफलता को सेलिब्रेट करते हुए उन्हें प्रेरणा बताया।