रुड़की को मिली बड़ी सौगात: अंतर्राज्यीय बस अड्डा, फायर स्टेशन और साइंस सिटी के प्रस्ताव पास
अनिल कश्यप
रुड़की। विधायक प्रदीप बत्रा के कैबिनेट मंत्री बनने के बाद रुड़की शहर को विकास की नई दिशा मिलती नजर आ रही है। मंत्री बनने के महज एक सप्ताह के भीतर ही उन्होंने शहर को बड़ी सौगात देने की पहल करते हुए अंतर्राज्यीय बस अड्डा स्थापित करने की घोषणा की है।
नगर निगम में आयोजित बोर्ड बैठक में कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे पूर्व पार्षद विवेक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री की ओर से तीन अहम प्रस्ताव रखे गए थे। इनमें फायर स्टेशन के लिए भूमि, अंतर्राज्यीय बस अड्डा के लिए स्थान तथा साइंस सिटी के निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव शामिल थे। बोर्ड बैठक में तीनों प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए।
प्रस्तावित अंतर्राज्यीय बस अड्डा बनने से रुड़की का संपर्क दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद और उत्तराखंड के खटीमा सहित कई प्रमुख शहरों से सीधे तौर पर जुड़ जाएगा। इससे यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
वहीं मंगलौर रोड स्थित नगर निगम की भूमि पर बनने वाली साइंस सिटी से विशेष रूप से इंजीनियरिंग के छात्रों को लाभ मिलेगा। यहां उन्हें नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।
विवेक चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार में रुड़की विधानसभा को सीधा प्रतिनिधित्व मिलना शहरवासियों के लिए गर्व की बात है और इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी।
बोर्ड बैठक के दौरान लंबे समय बाद पहुंचे विवेक चौधरी का पार्षदों ने स्वागत किया। वहीं पहली बार निगम पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना की।