आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने उठाई मांगें, मानदेय बढ़ाने सहित समस्याओं पर चर्चा, आंदोलन की चेतावनी

अनिल कश्यप
रुड़की। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उनकी विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मानदेय बढ़ाने सहित कई प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। मांगें पूरी न होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
रुड़की ब्लॉक अध्यक्ष ममता पुरी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पिछले कई वर्षों से मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने बताया कि कार्यकत्रियों से प्रतिदिन 12 से 13 घंटे तक कार्य लिया जा रहा है, जिससे उन पर कार्य का अत्यधिक दबाव है।
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार शासन स्तर तक अपनी मांगों को पहुंचाया गया और आंदोलन भी किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कार्यकत्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बैठक में पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कार्यकत्रियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों को जायज बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इन मांगों की अनदेखी करना उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांगों का समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर नारसन ब्लॉक अध्यक्ष अनुज पाल, प्रतिमा, कविता, राधा, बालेश, नीलम, मनीषा, सविता, बबली, शहनाज, शर्मिष्ठा, रेखा दाबसे, रजनी, शीतल, रीना, पपलेश, पिंकी, अनीता, ममता शर्मा, अलका, सुमन सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।