खेल प्रतियोगिताएं जीवन में संघर्ष कर विजेता बनने की प्रेरणा देती हैं: बीबी गुप्ता
संत स्पोर्ट्स एकेडमी में इंट्रा एकेडमी बैडमिंटन टूर्नामेंट संपन्न

अनिल कश्यप
रुड़की। आदर्श नगर स्थित संत स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित इंट्रा एकेडमी बैडमिंटन टूर्नामेंट का बुधवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में 9 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी बीबी गुप्ता ने विजेताओं को पदक व प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं जीवन में संघर्ष करने और विजेता बनने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
एकेडमी के निदेशक डीएस वर्मा ने बताया कि एकेडमी में आधुनिक सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में अंडर-11 में विराज गुलाटी, अंडर-13 में भास्कर सिंह सैनी तथा अंडर-17 में आरव रोहिला ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सराहना प्राप्त की। डबल्स मुकाबले में हमजा आलम व माधव सिंघल की जोड़ी विजेता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर कोच, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।