हरिद्वार में रंगीन मत्स्य पालन को बढ़ावा, डीएम मयूर दीक्षित ने किया मत्स्य क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण

प्रदेश के 02 ही जनपदो मै हरिद्वार एवं उधमसिंहनगर मै रंगीन मत्स्य का किया जा रहा पालन

अनिल कश्यप
रूडकी /हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को जनपद में किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत भगतनपुर आबिदपुर स्थित चंद्रभागी मत्स्य सेवा केंद्र में संचालित रंगीन मत्स्य पालन क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत जनपद में मीडियम स्केल ऑर्नामेंटल रियरिंग यूनिट एवं बैकयार्ड ऑर्नामेंटल रियरिंग यूनिट संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों को रंगीन मछली पालन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार जनपद का यह पहला रंगीन मत्स्य क्लस्टर है, जहां किसान आधुनिक तरीके से ऑर्नामेंटल फिश पालन कर रहे हैं। इससे न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि क्षेत्र में छोटे व्यवसायों और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
जिलाधिकारी ने प्रगतिशील किसानों से बातचीत कर मत्स्य पालन से जुड़ी जानकारी ली और कहा कि किसानों की मांग के अनुसार जिला योजना के माध्यम से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने किसानों की मेहनत और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से अन्य किसान भी प्रेरित होकर मत्स्य पालन व्यवसाय से जुड़ेंगे।
इस दौरान सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 8 किसानों का क्लस्टर तैयार किया गया है, जिसमें 4 महिला और 4 पुरुष किसान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में केवल हरिद्वार और उधमसिंहनगर जनपदों में ही रंगीन मत्स्य पालन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि क्लस्टर में गोल्डन फिश, ब्लैक शार्क, कोई कार्प और कबुतो कोई जैसी चार प्रमुख प्रजातियों की रंगीन मछलियों का पालन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान काजल टोलियां, पंकज कुमार, संदीप सिंह पंचवाल, प्रकाश सिंह पंचवाल, सीनियर इंस्पेक्टर मत्स्य जयप्रकाश, रेनू वेरिया, किसान शशि भूषण, पवन कुमार, बृजेश कुमार और प्रमोद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे