भगवानपुर में हत्या का 48 घंटे में खुलासा: मामूली विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार
अनिल कश्यप
भगवानपुर/रूडकी बुधवार क़ो हरिद्वार जनपद की भगवानपुर पुलिस ने हत्या की सनसनीखेज वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार मामूली विवाद के चलते होटल संचालकों और उनके साथियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को नदी किनारे फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को भगवानपुर थाना क्षेत्र के बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा गया।
अज्ञात शव की पहचान के लिए गृह मंत्रालय द्वारा संचालित नेट ग्रिड (NETGRID) पोर्टल की मदद ली गई। मृतक की फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के बाद पुलिस को मिलते-जुलते चेहरों की जानकारी मिली, जिसके आधार पर विभिन्न जनपदों में टीमें भेजी गईं। आखिरकार मृतक की पहचान कलीम (23 वर्ष) पुत्र मुरादु निवासी बचीटी, थाना देवबंद, सहारनपुर के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक काली क्रेटा कार संदिग्ध पाई गई। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस हत्या की गुत्थी तक पहुंची।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कलीम अपने भाई कामिल के साथ काम की तलाश में भगवानपुर आया था। दोनों देर रात खाना खाने के लिए एक होटल पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर होटल संचालकों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर होटल संचालकों और उनके साथियों ने दोनों भाइयों को बंधक बनाकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कामिल मौके से भाग निकला, जबकि कलीम को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक आए ताकि पहचान न हो सके। 19 मई को पुलिस ने हसनपुर मदनपुर पुल के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष चौहान, अनमोल सैनी और विशाल सैनी शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडे, मृतक का मोबाइल फोन तथा शव को ठिकाने लगाने में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद कर ली है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान पुलिस टीम मै
रितेश शाह प्र0नि0 कोत0 भगवानपुर,व0उ0नि0 रमेश कुमार,उ0नि0 सुनील पन्त,उ0नि0 पुनीत दनोषी,उ0नि0 आषीष नेगी,उ0नि0 नीरज रावत,अ0उ0नि प्रदीप चौहान,है0का0 गीतम,का0 उबैद उल्ला,का0 संजय कुमार,का0 संजय नेगी,का0 रविन्द्र राणा,का0 राहुल कुमार, का0 विनय थपलियाल,का0 वसीम सीआईयू, का0 महिपाल सीआआईयू,रविन्द्र खत्री सीआईयू रूडकी सामिल रहे।